भोपाल , जुलाई 19 -- मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने केन-बेतवा लिंक परियोजना के विरोध में अनशन कर रहे अमित भटनागर से वीडियो कॉल पर बातचीत कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनसे अनशन समाप्त कर भोजन ग्रहण करने का आग्रह किया।

श्री सिंघार ने कहा कि संवाद लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई रुकेगी नहीं और कांग्रेस प्रभावित लोगों के साथ खड़ी है, लेकिन इस लड़ाई को आगे बढ़ाने के लिए श्री भटनागर का स्वस्थ रहना भी आवश्यक है।

उन्होंने कांग्रेस विधायक दल की ओर से भरोसा दिलाया कि केन-बेतवा लिंक परियोजना से जुड़े कथित भ्रष्टाचार, कानून के उल्लंघन तथा आदिवासियों, किसानों और प्रभावित परिवारों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को आगामी विधानसभा सत्र में पूरी मजबूती से उठाया जाएगा।

श्री सिंघार ने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज को दबाने के बजाय उसे सुना जाना चाहिए। उन्होंने सरकार से दमन का रास्ता छोड़कर संवाद का मार्ग अपनाने का आग्रह करते हुए कहा कि जनहित और न्याय की इस लड़ाई में कांग्रेस प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित