बीजापुर , जुलाई 03 -- छत्तीसगढ़ के कृषि, किसान कल्याण एवं संबंधित विभागों के मंत्री रामविचार नेताम ने शुक्रवार को बीजापुर जिले के मांझीगुड़ा गांव का दौरा कर प्रगतिशील किसान योगेश बागड़े से मुलाकात की और केंद्र सरकार की फार्म मशीनरी बैंक (कृषि यंत्र बैंक) स्थापना योजना के तहत संचालित कृषि यंत्र बैंक का निरीक्षण किया।

श्री नेताम ने कृषि यंत्रों की उपलब्धता, उनके उपयोग तथा योजना से किसानों को मिल रहे लाभ की समीक्षा करते हुए कहा कि कृषि यंत्र बैंक योजना छोटे एवं सीमांत किसानों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित हो रही है। इससे किसानों को आधुनिक कृषि उपकरण सुलभ हो रहे हैं, खेती की लागत कम हो रही है तथा उत्पादन क्षमता में वृद्धि हो रही है।

उन्होंने अधिकारियों को योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा अधिक से अधिक किसानों को इसका लाभ दिलाने के निर्देश दिए। साथ ही कृषि यंत्र बैंक योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर किसानों को आधुनिक तकनीक आधारित खेती अपनाने के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया।

मंत्री ने दौरे के दौरान किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है तथा किसान हितैषी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र किसान तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

इस अवसर पर जिला प्रशासन के अधिकारी भी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित