नयी दिल्ली , फरवरी 26 -- भारत और इजरायल के द्विपक्षीय संबंधों में एक नया मुहावरा जुड़ गया है और वह है 'मोदी झप्पी'। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने वहां की संसद 'नेसेट' में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन से पहले दिए गए अपने भाषण में इस अभिव्यक्ति का प्रयोग किया।
इजरायली प्रधानमंत्री ने दोनों नेताओं के बीच की गर्मजोशी का जिक्र करते हुए कहा कि जैसे ही प्रधानमंत्री मोदी विमान की सीढ़ियों से नीचे उतरे, दोनों ने एक-दूसरे को गले लगाया। श्री नेतन्याहू ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का व्यक्तिगत रूप से गले मिलना कुछ खास है और इसे पूरी दुनिया में 'मोदी झप्पी' के नाम से जाना जाता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब आप किसी को सच्चाई के साथ और इतने करीब से गले लगाते हैं, तो आपको पता चलता है कि यह वास्तविक है।
नेसेट में जोरदार तालियों की गड़गड़ाहट के बीच नेतन्याहू ने कहा कि वह इस 'झप्पी' यानी आलिंगन को वापस लौटाना चाहते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित