यमुनानगर , सितंबर 22 -- इंडियन नेशनल लोकदल के प्रधान महासचिव प्रकाश भारती ने कहा है कि 27 सितंबर को नूंह में उप प्रधानमंत्री जननायक ताऊ देवीलाल की 113 वीं जयंती के अवसर पर होने वाली सम्मान दिवस रैली प्रदेश की राजनीति की नयी दिशा तय करेगी।
मंगलवार को यमुनानगर स्थित इनेलो कार्यालय में पदाधिकारियों की बैठक के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए श्री भारती ने कहा कि सम्मान दिवस रैली में प्रदेश भर से लाखों लोग शिरकत करेंगे। प्रदेश की जनता चौधरी अभय सिंह चौटाला को मुख्यमंत्री बनाने का मन बना चुकी है। इनेलो नेता और पदाधिकारी घर-घर जाकर लोगों को रैली में शामिल होने का निमंत्रण दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आज प्रदेश का हर वर्ग सरकार की गलत नीतियों से दुखी है। धान की आवक शुरू होने के बाद भी खरीद शुरू नहीं की गई है। व्यापारी, उद्योगपति और कर्मचारी वर्ग सरकार की नीतियों के कारण धरना-प्रदर्शन को मजबूर हैं।
इस अवसर पर प्रदेश महासचिव महिपाल भगवानगढ़ ने कहा कि सम्मान दिवस रैली में यमुनानगरसे हजारों लोग शामिल होंगे। रैली को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। सत्ताइस सितंबर को यमुनानगर के चारों हलकों से कार्यकर्ता और पदाधिकारी अपने वाहनों से निर्धारित समय पर रैली स्थल पर पहुंचेंगे।
इस मौके पर प्रदेश महासचिव महिपाल भगवानगढ़, जिला अध्यक्ष रोशन लाल, कार्यालय प्रभारी सुरेश शर्मा, युवा नेता परमजीत संधू, पम्मा, किसान सेल के जिला अध्यक्ष मामचंद लाठर सहित पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित