चंडीगढ़ , अप्रैल 30 -- हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि नूंह जिले में स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा को मजबूत करने के लिए सरकार विशेष ध्यान दे रही है। इसी दिशा में गांव दादू की पंचायती जमीन पर सरकारी नर्सिंग कॉलेज स्थापित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है।
उन्होंने बताया कि प्रशासनिक कमेटी ने ग्राम पंचायत द्वारा उपलब्ध कराई गई भूमि को कॉलेज स्थापना के लिए उपयुक्त माना है। यह गांव तावडू ब्लॉक में स्थित है, जहां नर्सिंग शिक्षा की भारी कमी है।
मंत्री के अनुसार, वर्तमान में नूंह जिले में केवल एक नर्सिंग स्कूल संचालित है, जिसमें सहायक नर्स दाई (एएनएम) की 13 सीटें ही उपलब्ध हैं। ऐसे में प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ की कमी को दूर करने के लिए नए कॉलेज की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी।
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित नर्सिंग कॉलेज को शहीद हसन खान मेवाती गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज से जोड़ा जा सकता है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत किया जा सकेगा।
सुश्री राव ने कहा कि इस पहल से नूंह जिले में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित