चंडीगढ़ , अक्टूबर 12 -- हरियाणा सरकार ने नूंह जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से आठ नए उप-स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने को मंजूरी दी है।

स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं आयुष मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता और गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की बजट घोषणा के अनुरूप प्रदेशभर में 100 नए उप-स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने के लिए प्रशासनिक मंजूरी दी गई है। इसी योजना के तहत नूंह जिले के मनौत, खानपुर घाटी, झरपुरी, सालम्बा, बादली, गुरनावत, पापरा और रायपुरी गांवों में नए उप-स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि सभी आठ गांवों की ग्राम पंचायतों ने प्रस्ताव पारित कर इन केंद्रों के निर्माण और संचालन के लिए अस्थायी भवन उपलब्ध कराने के साथ-साथ निशुल्क भूमि देने पर सहमति जताई है। इसके अतिरिक्त, जीआईएस मैपिंग के माध्यम से प्रस्तावित स्थानों का आकलन किया गया है, ताकि वे निर्धारित जनसंख्या मानदंडों के अनुरूप हों और संबंधित क्षेत्रों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को पूरा कर सकें।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इन केंद्रों की स्थापना से ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं नजदीक ही उपलब्ध होंगी। इससे मरीजों को सामान्य चिकित्सा सुविधाओं के लिए लंबी दूरी तय करने की जरूरत कम होगी।

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करने और आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इन आठ नए उप-स्वास्थ्य केंद्रों से नूंह जिले के ग्रामीण निवासियों को लाभ मिलने और स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच एवं गुणवत्ता में सुधार होने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित