बारां , अगस्त 21 -- राजस्थान में नगर निकाय आम चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से बारा के राजकीय कन्या महाविद्यालय में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर बालमुकुंद असावा के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों और नव मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक किया गया।

सह प्रभारी स्वीप अमित भार्गव ने विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनसमूह को मतदान की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि युवा देश के लोकतांत्रिक भविष्य की मजबूत नींव हैं, इसलिए प्रत्येक पात्र युवा को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाने के साथ परिवार एवं आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान नव मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए पंजीयन शिविर भी लगाया गया। शिविर में पात्र युवाओं का पंजीयन किया गया और उन्हें मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया की जानकारी दी गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित