रायपुर , सितम्बर 15 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नुआखाई पर्व पर प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व समृद्ध कृषि संस्कृति, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और अन्नदाता के परिश्रम के सम्मान का उत्सव है।

श्री साय ने मंगलवार को किसानों की सुख-समृद्धि, अच्छी फसल और सभी परिवारों की खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि नई फसल के आगमन की खुशी में मनाया जाने वाला नुआखाई अन्न के सम्मान और किसान के अथक परिश्रम के प्रति आदर का भाव प्रकट करता है। खेतों में उपजी नई फसल किसान की मेहनत के साथ ही प्रकृति की कृपा और कृषि प्रधान संस्कृति की समृद्धि का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति में खेती-किसानी केवल आजीविका का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन का अभिन्न हिस्सा है। प्रदेश के अनेक पर्व और परंपराएं कृषि चक्र, प्रकृति और लोक जीवन से गहराई से जुड़ी हैं। नुआखाई अपनी मिट्टी, जड़ों और गौरवशाली परंपराओं से जुड़े रहने की प्रेरणा देने के साथ सामाजिक आत्मीयता, पारिवारिक एकजुटता और आपसी सद्भाव को मजबूत करता है।

उन्होंने कामना की कि प्रदेश में प्रकृति की कृपा बनी रहे, किसानों के खेत फसलों से लहलहाते रहें और अन्नदाताओं के घर-आंगन में समृद्धि आए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित