वाराणसी , मार्च 8 -- वाराणसी के भेलूपुर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर 'नीले ड्रम जैसा कांड' करने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, डुमराव बाग कॉलोनी निवासी डॉ. गौरव कुमार सिंह ने अपनी पत्नी स्मिता सिंह के खिलाफ तहरीर दी है। उनका विवाह 21 जनवरी 2025 को बिहार के कैमूर जिले में मोहनिया निवासी स्मिता सिंह से हुआ था। शिकायत में आरोप है कि पत्नी ने फोन पर कहा कि वह उनके साथ नहीं रहना चाहती और तलाक देने को कहा। साथ ही यह भी धमकी दी कि यदि उसे जबरन विदा कराकर लाया गया तो वह 'नीले ड्रम जैसा कांड' कर देगी।

पीड़ित के अनुसार, तीन मार्च की रात स्मिता अपने परिजनों के साथ बिना सूचना के काशी पहुंची। इस दौरान विवाद बढ़ने पर मारपीट भी हुई। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत स्मिता सिंह सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा है और इसकी जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित