फिरोजाबाद , अक्टूबर 21 -- फिरोजाबाद जिले के थाना रजावली क्षेत्र मे खेत की रखवाली कर रहे एक किसान की नील गाय के हमले में मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि थाना रजावली क्षेत्र के गांव ढकई राजमल निवासी किसान राम रतन सिंह (60) मंगलवार रात बाजरा फसल की आवारा पशुओं से रखवाली के लिए खेत पर गए थे। सुबह उनका बेटा सत्यवीर खेत पर पहुंचा तो उसने देखा कि उसके पिता खेत में पड़े हुए हैं। कपड़े फटे हुए थे। शरीर पर नीलगाय के सींघ के गहरे निशान थे। उसने देखा पिता राम रतन सिंह की मौत हो चुकी थी।
राम रतन की मौत की सूचना पर अन्य ग्रामीण भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस को भी जानकारी दी गई। पुलिस ने पहुंचकर शब को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के पांच बच्चे हैं जो खेती के सहारे ही परिवार का भरण पोषण करते थे। बताया गया क्षेत्र में नील गाय का आतंक काफी है। पशुओं के अलावा अन्य लोगों पर भी नील गाय द्वारा हमला कर घायल किया जा चुका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित