पटना , जुलाई 13 -- भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार की चर्चा करते हुए मंगलवार को कहा कि इस तरह के साधारण कार्यकर्ता को उम्मीदवार बनाना राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में ही संभव है।

श्री सरावगी आज जनता दल यूनाइटेड(जदयू) प्रदेश कार्यालय में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के निमित्त राजग नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक में शामिल हुए और कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के श्रम से बनी पार्टी है और वहां जमीन पर कार्य करने वाला कार्यकर्ता भी शीर्ष स्थान प्राप्त कर सकता है।

इस बैठक में बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में राजग प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के लिए चुनावी रणनीति एवं संगठनात्मक तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई।

श्री संजय सरावगी ने कहा कि राजग ने मंडल स्तर के एक समर्पित एवं साधारण कार्यकर्ता श्री सिन्हा को अपना उम्मीदवार बनाया है और यह कार्यकर्ता-आधारित राजनीतिक संस्कृति केवल राजग में ही संभव है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं नीतीश कुमार विकास एवं सुशासन के प्रतीक हैं, जिनके नेतृत्व में बिहार ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक पूरी एकजुटता के साथ सक्रिय होकर प्रत्येक मतदाता तक पहुँचने तथा श्री सिन्हा की प्रचंड बहुमत से विजय सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित