पटना , सितंबर 23 -- बिहार विधान परिषद के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव के लिए जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने बुधवार को अपने चार उम्मीदवारों की घोषणा कर दी।
जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि बीते दो दशकों में उनकी पार्टी ने शिक्षकों और स्नातकों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है और शिक्षा, रोजगार तथा युवा सशक्तीकरण के क्षेत्र में किये गये कार्यों को उनके उम्मीदवार मतदाताओं तक पहुंचायेंगे।
जदयू की ओर से जारी सूची के अनुसार पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से वर्तमान विधान पार्षद नीरज कुमार, तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अभिषेक झा, सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से आनंद पुष्कर तथा दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से घनश्याम राय को उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने उम्मीदवारों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित