बेगूसराय, मार्च 14 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने निर्देश दिया है कि सभी अधिकारी संवेदनशीलता के साथ योजनाओं को क्रियान्वित करें, जिससे बिहार देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल हो सके।

मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में बेगूसराय के बियाडा प्रांगण में जिले से संबंधित विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने प्रगति यात्रा के दौरान घोषित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। समीक्षा बैठक के दौरान बेगूसराय के जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने प्रगति यात्रा से संबंधित योजनाओं, सात निश्चय-2 की योजनाओं तथा सात निश्चय-3 की योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मुख्यमंत्री श्री कुमार को विस्तृत जानकारी दी।

जिलाधिकारी ने जिले में किए जा रहे अन्य विकास कार्यों की भी जानकारी दी।मुख्यमंत्री श्री कुमार ने समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रगति यात्रा से संबंधित जिन योजनाओं की स्वीकृति दी गई है, उनका क्रियान्वयन तेजी से करें। सात निश्चय-2 के तहत जो योजनाएं चलाई जा रही हैं उनका बेहतर ढंग से क्रियान्वयन करें। उन्होंने कहा कि सात निश्चय-3 के तहत जो योजनाएं निर्धारित की गई हैं उस पर बेहतर ढंग से कार्य शुरू करें।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने कहा कि 20 नवंबर, 2025 को राज्य में नई सरकार के गठन के कुछ ही दिनों बाद सरकार ने राज्य को देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल करने के लिये सात निश्चय-3 के कार्यक्रमों को लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय सबका सम्मान-जीवन आसान का मुख्य मकसद राज्य के सभी नागरिकों के दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों को कम कर उनके जीवन को और भी आसान बनाना है। इसे लेकर सरकार लगातार काम कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित