पटना , मार्च 22 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को ऐतिहासिक गांधी मैदान में बिहार दिवस समारोह 2026 (22-24 मार्च) का उद्घाटन किया।

समारोह में अपर मुख्य सचिव शिक्षा विभाग डॉ. बी.राजेन्दर ने मुख्यमंत्री श्री कुमार को पुष्प गुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया। बिहार के 114 वें स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम की थीम 'उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार' रखी गयी है।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने बिहार दिवस समारोह-2026 के उद्घाटन से पूर्व पटना के ऐतिहासिक गाँधी मैदान में विभिन्न विभागों द्वारा किये जा रहे विकास कार्यों से संबंधित लगाई गयी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा संचालित योजनाओं पर आधारित लगायी गयी प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ. उदयकांत ने पुष्प गुच्छ भेंटकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।उन्होंने शिक्षा विभाग के पवेलियन में लगायी गयी प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

श्री कुमार ने अवलोकन के क्रम में दिव्यांग विद्यार्थियों के लिये संवर्द्धन कक्ष, विज्ञान प्रयोगशाला, कला कक्ष, स्मार्ट क्लास, व्यावसायिक शिक्षा कक्ष, अटल टिंकरिंग लैब, आईसीटी कक्ष, ईको क्लब बाल संसद, खेल कक्ष, निपुण कक्ष, बाल वाटिका का जायजा लिया।

शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने मुख्यमंत्री श्री कुमार को पुष्प गुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित