पटना , अप्रैल 04 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को वर्ष 2024 बैच के बिहार कैडर के भारतीय वन सेवा के प्रशिक्षु अधिकारियों को राज्य के हरित आवरण को बढ़ाने का निर्देश दिया।

श्री कुमार ने आज एक अणे मार्ग स्थित 'संकल्प सभागार' में प्रशिक्षु अधिकारियों से मुलाकात के दौरान कहा कि बिहार में हरित आवरण पहले मात्र नौ प्रतिशत था जिसे राज्य सरकार ने अपने प्रयासों सेबढ़ाकर 17 प्रतिशत तक पहुंचाया है। उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों से हरित आवरण को बढ़ाने में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि पिछले कई वर्षों से बिहार में वर्षापात कम हो रहा है,इसलिये जल संचयन पर जोर देने की आवश्यकता है, जिससे आने वाले समय में ग्राउण्ड वाटर लेवल को संतुलित रखा जा सके।उन्होंने कहा कि शहरों में बढ़ रहे प्रदूषण को कम करने के लिये लोगों में जागरूकता फैलाना आवश्यक है।

श्री कुमार ने कहा कि ट्रेनिंग पीरियड के बाद सभी प्रशिक्षु अधिकारियों की पोस्टिंग की जाएगी, जिसके बाद वे सब अनुशासन एवं पूर्ण मनोयोग से कार्य करते हुये राज्य एवं देश की तरक्की में अपना योगदान देंगे।

मुख्यमंत्री श्री कुमार से मुलाकात करने वाले प्रशिक्षु अधिकारियों में हिमांशु द्विवेदी,प्रिंस कुमार सिंह, रविन्दर कुमार वर्मा एवं योगेश बोरकर शामिल थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित