पटना , मार्च 09 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को अधिकारियों को जे.पी गंगा पथ अंतर्गत विभिन्न विकास कार्यों को तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने आज पटना जिले के जे.पी.गंगा पथ अंतर्गत पटना साहिब रेलवे स्टेशन से पटना घाट तक निर्माणाधीन संपर्क पथ का मालसलामी मारुफगंज में निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
पटना साहिब रेलवे स्टेशन से शुरु होकर जे.पी. गंगा पथ के पटना घाट तक संपर्क पथ का निर्माण हो रहा है। 52.54 करोड़ रूपये की लागत से 1.5 किलोमीटर लंबे संपर्क पथ का निर्माण हो रहा है।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने कहा कि यह संपर्क पथ इस क्षेत्र के लिए काफी महत्वपूर्ण है। इसके बन जाने से लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत होगी। लोगों को जाम से निजात मिलेगी। इससे आवागमन में समय की बचत होगी। इस संपर्क पथ का निर्माण ससमय पूर्ण करायें।
गौरतलब है कि इस संपर्क पथ के निर्माण से अशोक राजपथ एवं मारुफगंज मंडी क्षेत्र में जाम की समस्या से निजात मिलेगी। इसके साथ ही पटना साहिब रेलवे स्टेशन पर आर.ओ.बी के माध्यम से जेपी गंगा पथ को नए एनएच-30 से संपर्कता भी प्रदान करेगी। प्रस्तावित संपर्क पथ दलहट्टा, चरखीपर आदि क्षेत्रों को भी सुलभ संपर्कता प्रदान करेगी। इससे आसपास के क्षेत्रों में जाम की समस्या में कमी आयेगी तथा लोगों को आवागमन में सहूलियत होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित