जमुई, मार्च 18 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को समृद्धि यात्रा के दौरान जमुई जिले को 914 करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात दी।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में जमुई जिले में लघुआड़ में आयोजित कार्यक्रम स्थल से जिले के लिये 914 करोड़ रुपये की लागत से कुल 370 योजनाओं का रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनवारण कर उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 602 करोड़ रुपये की लागत से 181 योजनाओं का उद्घाटन एवं 312 करोड़ रुपये की लागत से 189 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

श्री कुमार ने जमुई जिलान्तर्गत 27031.47 लाख रुपए की लागत से कुंडघाट जलाशय योजना का शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया। उन्होंने उद्घाटन के बाद कुंडघाट जलाशय योजना के तहत कराए गए विकास कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री श्री कुमार को बताया कि कुंडघाट जलाशय क्षेत्र में बरसात के दिनों में आस-पास के पहाड़ों एवं जंगल का पानी संग्रहित होगा, जिसका उपयोग सिंचाई में किया जाएगा। इस कुंडघाट जलाशय योजना से आस पास के किसानों को सिंचाई में काफी मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने प्रगति यात्रा के दौरान घोषित विकासात्मक एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रस्तुतीकरण का अवलोकन कर उनके क्रियान्वयन की प्रगति के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। इनमें जमुई प्रखंड के सोनपे मौजा में स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का निर्माण, गिद्धौर प्रखंड में कुमार सुरेंद्र सिंह स्टेडियम का जीर्णोद्धार कार्य, जमुई वन प्रमंडल अंतर्गत गरही प्राकृतिक उद्यान का निर्माण कार्य, पटनेश्वर धाम मंदिर का विकास कार्य, अपर किऊल जलाशय योजनान्तर्गत मुख्य नहर का पुनर्स्थापन एवं लाइनिंग कार्य, गरही से लघुआड़ जाने वाली सड़क पर किउल नदी पर पुल का निर्माण कार्य, बरहट से कटौना दुर्गा मंदिर तक जाने वाली सड़क, कटौना के पास नकटी नदी पर पुल निर्माण कार्य, हरयनारायण चौरा पथ से सिकरिया गांव में उलाई नदी पर उच्च स्तरीय आरसीसी पुल का निर्माण कार्य, बरनार जलाशय योजना का निर्माण कार्य, चकाई में डिग्री कॉलेज का निर्माण, जमुई जिलान्तर्गत सोनो, जमुई सदर, चकाई, गिद्धौर, अलीगंज प्रखंड-सह-अचंल कार्यालय-सह-आवासीय भवन का निर्माण कार्य शामिल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित