कटिहार , मार्च 12 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरूवार को समृद्धि यात्रा के दौरान कटिहार जिले को 410 करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात दी।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में कटिहार जिले में विभिन्न योजनाओं का जायजा लिया।इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी ली और कार्य तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने 7058.49 लाख रुपये की लागत से कृषि उत्पादन प्रांगण, कटिहार (फेज-2) के जीर्णोद्धार एवं निर्माण कार्य का शिलापट्टू अनावरण कर एवं फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने नवनिर्मित भवन का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही यहां आयोजित कार्यक्रम स्थल से रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर कटिहार जिले के लिए 229 करोड़ रुपये की लागत से 257 योजनाओं का उद्घाटन एवं 181 करोड़ रुपये की लागत से 186 योजनाओं का शिलान्यास/कार्यारंभ किया।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने इसके बाद कृषि उत्पादन बाजार समिति प्रांगण में लगाए गए विभिन्न विकासात्मक योजनाओं से संबंधित स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रगति यात्रा के अंतर्गत की गई घोषणाओं तथा जिला अंतर्गत किए जा रहे विभिन्न विकासात्मक कार्यों की जानकारी ली। साथ ही बाबा गोरखनाथ धाम का सौंदर्गीकरण, गोगाबील झील का सौंदर्याकरण एवं पर्यटकीय सुविधाओं के लिए किए जा रहे कार्य, खेल स्टेडियम, कटिहार जिला अंतर्गत संतोषी चौक एवं साहेबपारा चौक के बीच सड़क के ऊपर पुल का निर्माण कार्य एवं कटिहार जलापूर्ति योजना आदि क्रियांवित योजनाओं के संबंध में जानकारी ली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित