पटना , मार्च 30 -- राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने सोमवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विधानपरिषद की सदस्यता से इस्तीफे और राज्यसभा में जाने के साथ ही प्रदेश में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के पराभव शुरू हो गया है।
श्री यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार के राज्यसभा जाते ही प्रदेश की राजनीति में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) हावी हो जाएगी और जदयू कई टुकड़ों में बंट जाएगा। उन्होंने कहा कि नीतीश के अलावा जदयू में कोई भी नेता नही है, जिसमे पार्टी को संभालने का दम हो। उन्होंने कहा कि ज्यादातर जदयू के नेता अब भाजपा की खुशामद में लग गए हैं।
राजद के प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार बार-बार पाला बदल कर अपनी कुर्सी बचाते रहे हैं और परिस्थितियों का लाभ उन्हें मिलता रहा। उन्होंने कहा कि इस बार भाजपा ने पूरी तरह से मुख्यमंत्री श्री कुमार को अपने राजनीतिक घेरे में ले लिया है और कुर्सी छोड़ कर दिल्ली जाने के सिवाय उनके पास कोई रास्ता नही बचा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित