पटना, अप्रैल 13 -- भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता प्रभाकर कुमार मिश्र ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को विकास का प्रतीक बताया और कहा है कि उनके नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने बिहार का नवनिर्माण किया है।

श्री मिश्र ने सोमवार को बयान जारी कर कहा कि आज का बिहार सुशासन और न्याय के साथ विकास के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 के बाद बिहार की सूरत भी बदली और सीरत भी बदली। आज राष्ट्रीय फलक पर बिहार की पहचान तेज रफ्तार के साथ विकास करनेवाले प्रदेश के रूप में है। इसका श्रेय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को और राजग सरकार को है।

श्री मिश्र ने कहा कि बिहार के विकास की रफ्तार कभी थमने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्यसभा की सदस्यता प्राप्त करने के बाद भी मुख्यमंत्री श्री कुमार का मार्गदर्शन बिहार को मिलता रहेगा। वर्ष 2005 के पहले के जंगल राज से बिहार निकलकर आज विकसित प्रदेश बनने की राह पर है। जल्द ही बिहार की गिनती देश के विकसित प्रदेशों में होगी।

भाजपा नेता ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली आपूर्ति और महिला सशक्तीकरण में बिहार ने मिसाल कायम की है। उन्होंने कहा कि राजग सरकार हर परिवार की एक महिला को स्वरोजगार के लिए दस हजार रुपये की वित्तीय सहायता (अनुदान के रूप) में प्रदान कर रही है, जिसके बाद दो लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता का प्रावधान है। जीविका स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से लाखों ग्रामीण महिलाओं को लघु उद्योगों और बैंकिंग सेवाओं से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया गया है। साइकिल योजना से न सिर्फ बेटियों को स्कूल आने-जाने का साधन प्राप्त हुआ है, बल्कि इससे बेटियों का आत्मविश्वास भी बढ़ा है।रोजी-रोजगार के क्षेत्र में भी राजग सरकार ने इतिहास रचा है। जल्द ही एक करोड़ लोगों को नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य प्राप्त कर लिया जाएगा।

श्री मिश्र ने कहा कि राजग सरकार में हर वर्ग और हर तबके का विकास हुआ है।उन्होंने कहा कि हर वर्ग राजग सरकार में बिहार के हुए विकास से अभिभूत है। उन्होंने कहा कि 125 यूनिट तक बिजली माफ कर एवं वृद्धावस्था पेंशन की राशि बढ़ाकर सरकार ने सभी वर्गों को राहत दी है। युवाओं को काम, किसानों को उनकी उपज का उचित दाम और वृद्धजनों का सम्मान राजग सरकार का लक्ष्य है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित