पटना , मार्च 09 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता प्रेमरंजन पटेल ने सोमवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के निर्णय के बाद भी बिहार उनके अभिभावकत्व में अपने विकास की गति आगे बढ़ायेगा और साथ में केंद्रीय राजनीति में बिहार को मुद्दों को बेहतर प्रतिनिधित्व मिलेगा।
श्री पटेल ने आज बयान जारी कर कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार के नेतृत्व में बिहार को मिली विकास की गति समूचे देश में उदाहरण बन गयी है। उन्होंने कहा कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, कानून-व्यवस्था और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में जो परिवर्तन हुआ है, उससे बिहार की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल गई।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार का राज्यसभा के माध्यम से राष्ट्रीय राजनीति व नीति निर्धारण में सक्रिय होना बिहार के लिए गौरव और अवसर दोनों लेकर आयेगा। उनके अनुभव, दूरदर्शिता और विकास के मॉडल का लाभ अब पूरे देश के साथ बिहार को और अधिक मिलेगा, साथ हीं बिहार में उनके द्वारा तय किये गए विकास के एजेंडे को सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाएगी।
श्री पटेल ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का मानना है कि नीतीश कुमार जी ने बिहार को विकास के जिस नक्शे पर आगे बढ़ाया है, उसी मार्ग पर चलते हुए राज्य को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया जाएगा। उनके मार्गदर्शन और निर्देशों का पालन करते हुए सरकार बिहार में विकास, सुशासन और सामाजिक न्याय की नीतियों को और मजबूत करेगी।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि विपक्ष के पास न तो कोई ठोस नीति है और न ही कोई विकास का विजन। यही कारण है कि नीतीश कुमार के इस दूरदर्शी निर्णय से वह घबराए हुए हैं। उन्होंने कहा कि जनता सब कुछ देख और समझ रही है। बिहार की जनता विकास, स्थिरता और सुशासन की राजनीति के साथ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित