पटना , अप्रैल 22 -- बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री, राज्यसभा सांसद और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने बुधवार को पार्टी संगठन में नए पदाधिकारियों की नियुक्ति के साथ राष्ट्रीय टीम का पुनर्गठन किया।

जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री कुमार का यह कदम आगामी राजनीतिक चुनौतियों से पहले पार्टी की संरचना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय माना जा रहा है।

नई व्यवस्था के अनुसार, राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पूर्व सांसद चंद्रेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।गोपालगंज के सांसद अलोक कुमार सुमन को पार्टी का राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है।

महत्वपूर्ण संगठनात्मक भूमिकाओं में 12 नेताओं को महासचिव नियुक्त किया गया है, जिनमे मनीष कुमार वर्मा, श्याम रजक और अशोक चौधरी के नाम शामिल हैं।

श्री कुमार ने संगठनात्मक कार्यप्रणाली को और सुव्यवस्थित करने के लिए आठ सचिवों की भी नियुक्ति की है। इसके अलावा राजीव रंजन प्रसाद सचिव के साथ राष्ट्रीय प्रवक्ता के रूप में काम करते रहेंगे।

जदयू के नेताओं का मानना है कि यह फेरबदल आंतरिक एकजुटता को मजबूत करने और समन्वय बढ़ाने के लिए एक रणनीतिक कदम है। यह पुनर्गठन बदलते राजनीतिक परिदृश्य में पार्टी की प्रासंगिकता बनाए रखते हुए अनुभव और संगठनात्मक दक्षता के बीच संतुलन स्थापित करने का प्रयास है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित