पटना , अगस्त 04 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने मंगलवार को कहा कि नीतीश कुमार ने अपने पिछले 20 वर्षों के कार्यकाल में महिलाओं को न्याय, सम्मान और गरिमा दिलाने तथा उनकी उम्मीदों को नई उड़ान देने के लिए जिस प्रतिबद्धता के साथ काम किया है, उसका दूसरा उदाहरण पूरे देश में नहीं मिलता। मंगलवार को प्रदेश कार्यालय, पटना में जदयू महिला प्रकोष्ठ की बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन के विस्तार एवं मजबूती को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि जदयू के प्रदेश अध्यक्ष श्री कुशवाहा शामिल हुए वहीं, कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष सह विधान परिषद सदस्य श्रीमती शिवरानी देवी प्रजापति ने की तथा संचालन दक्षिण बिहार की प्रभारी श्रीमती सुप्रिया रानी ने किया।
इस अवसर पर श्री कुशवाहा ने कहा कि नारी शक्ति जदयू की आधार स्तम्भ रही है और नीतीश कुमार को सूबे की महिलाओं ने हमेशा अटूट स्नेह एवं समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि महिला प्रकोष्ठ का विस्तार बूथ स्तर तक करना है तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाना है।
जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए पोशाक योजना, साइकिल योजना और मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना की शुरुआत की गई। उन्होंने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं एवं नगर निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण तथा पुलिस बल में 35 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया, जिसके परिणामस्वरूप बिहार का महिला पुलिस बल देश में सबसे बड़ा है।
श्री कुशवाहा ने कहा कि मुख्यमंत्री महिला उद्यमी योजना, महिला रोजगार योजना एवं जीविका के माध्यम से प्रदेश की आधी आबादी के आर्थिक सशक्तीकरण का नया द्वार खुला है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार द्वारा महिलाओं के उत्थान के लिये किए गए इन ऐतिहासिक कार्यों को प्रदेश की प्रत्येक महिला तक पहुँचाना तथा उन्हें जदयू परिवार से जोड़कर राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार एवं स्वास्थ्य मंत्री निशांत के हाथों को और मजबूत करना है।
इस अवसर पर श्रीमती शिवरानी देवी प्रजापति ने कहा कि नीतीश कुमार का महिला सशक्तिकरण माॅडल देश-दुनिया में अनुकरणीय है। उनकी दूरदर्शी नीतियों का ही परिणाम है कि आज प्रदेश की महिलाएँ हर क्षेत्र में सफलता के नए परचम लहरा रही हैं। उन्होंने कहा कि महिला उत्थान से जुड़ी नीतीश कुमार की अनेक नीतियों एवं योजनाओं को देश के कई राज्यों ने अपने यहाँ लागू किया है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से उत्तर बिहार की प्रभारी श्रीमती खुशबू रानी, प्रदेश महासचिव सह मुख्यालय प्रभारी श्रीमती अंजुम आरा, प्रदेश महासचिव सह मुख्यालय प्रभारी शंभू कुशवाहा, प्रदेश महासचिव श्रीमती श्वेता विश्वास, श्रीमती अप्सरा मिश्रा, श्रीमती प्रमिला प्रजापति, श्रीमती कंचन गुप्ता एवं मोहतरमा अफरोजा खातून उपस्थित थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित