पटना , जनवरी 21 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रवक्ता नवल शर्मा ने बुधवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार देश की राजनीति में सुशासन और सेवा के सबसे बड़े प्रतीक हैं और उनकी प्रदेश में चल रही समृधि यात्रा इसका बेमिसाल उदाहरण है।

श्री शर्मा ने आज सोशल संवाद करते हुए कहा कि हाल में संपन्न हुए चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री श्री कुमार ने एक दिन भी विश्राम नहीं लिया और उनका मन तो हमेशा बिहार के विकास की सोच में लगा रहता है।

जदयू प्रवक्ता ने कहा कि श्री कुमार की समृधि यात्रा बिहार के हर जिले, गांव, टोले में विकास की वास्तविक स्थिति को देखने और उसे तेज करने के लिए आयोजित की गई है। उन्होंने कहा कि वास्तव में श्री कुमार की समृद्धि यात्रा एक ऐसा 'गवर्नेंस एक्सरसाइज' है, जिसका उदाहरण देश में अन्यत्र देखने को नहीं मिलता है।

श्री शर्मा ने कहा कि श्री कुमार ने एक ऐसी मिसाल पेश की है, जिसमें नेता खुद चल कर जनता के पास जाए और समस्यायों को समझ कर उनके समाधान के लिए काम करे। उन्होंने कहा कि यह यात्रा सिर्फ समीक्षा नहीं, बल्कि संवेदनशील शासन, जवाबदेह प्रशासन और विकास की निरंतरता का बेहतरीन उदाहरण है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित