पटना , मार्च 18 -- जनता दल यूनाईटेड (जदयू) की प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती अंजुम आरा ने बुधवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में पिछले 20 वर्षों में बिहार ने विकास, सुशासन और सामाजिक न्याय का ऐसा मॉडल प्रस्तुत किया है, जिसने अल्पसंख्यक समुदाय के जीवन में वास्तविक और ऐतिहासिक बदलाव लाया है।

श्रीमती अंजुम आरा ने आज बयान जारी कर कहा कि जहां पूर्ववर्ती सरकारों के दौर में अल्पसंख्यक समाज को केवल वोट बैंक की राजनीति और तुष्टिकरण का माध्यम बनाकर रखा गया, वहीं नीतीश कुमार की सरकार ने ''न्याय के साथ विकास'' और ''समावेशी विकास'' की नीति के तहत अल्पसंख्यकों को शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान, रोजगार और आत्मनिर्भरता के रास्ते पर आगे बढ़ाया है।

जदयू नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार ने अल्पसंख्यक समाज के उत्थान को कभी राजनीतिक नारे तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे ठोस योजनाओं, संस्थागत सुधारों और उपलब्धियों के माध्यम से धरातल पर उतारा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005-06 में अल्पसंख्यक कल्याण विभाग का बजट जहाँ मात्र 3.5 करोड़ रुपये था, वहीं उनकी दूरदर्शी सोच और संवेदनशील नेतृत्व में इस क्षेत्र में अभूतपूर्व वृद्धि की गई, जिससे शिक्षा, कौशल विकास और कल्याणकारी योजनाओं को नई मजबूती मिली। यह सिर्फ बजट बढ़ाने की बात नहीं थी, बल्कि अल्पसंख्यक समाज के भविष्य को मजबूत करने की प्रतिबद्धता का स्पष्ट प्रमाण था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित