पटना , अप्रैल 16 -- जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के प्रदेश प्रवक्ता अरविंद निषाद ने गुरूवार को कहा कि बिहार की वर्तमान राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार नीतीश कुमार के सुशासन की विरासत को और भी आगे बढ़ायेगी और उनके विकसित बिहार के सपनों को पूरा करेगी।
श्री निषाद ने आज बयान जारी कर कहा कि श्री कुमार ने अपने 21 सालों के शासनकाल के दौरान बदहाल बिहार को विकास की उंचाईयों पर पहुंचाया। उन्होंने कहा कि श्री कुमार ने वर्ष 2005 में बिहार की सत्ता संभालते ही खासकर महिला सशक्तिकरण, पिछड़ा वर्ग, अति पिछड़ा वर्ग, दलित एवं अल्पसंख्यक समुदायों के विकास एवं उन्हें आत्मनिर्भर बनाने को लेकर कई क्रांतिकारी फैसले लिए जिसका परिणाम आज स्पष्ट रुप से दिखाई दे रहा है।
श्री निषाद ने भरोसा जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चैधरी के नेतृत्व में बिहार की वर्तमान राजग सरकार प्रदेश के समग्र विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेगी। उन्होंने कहा कि यह सरकार श्री कुमार की ओर से स्थापित सुशासन, विकास और सामाजिक न्याय के सिद्धांतों को आगे बढ़ाने के लिए दृढ़ संकल्पित है। उन्होंने कहा कि श्री कुमार ने अपने कार्यकाल में बिहार को प्रगति और स्थिरता की नई दिशा दी है। उनके द्वारा शुरू की गई योजनाएं और विकास की सोच आज भी राज्य के लिए मार्गदर्शक हैं। वर्तमान सरकार उन्हीं आदर्शों और प्राथमिकताओं को केंद्र में रखकर आगे बढ़ रही है।
जदयू नेता ने कहा कि राजग की यह सरकार प्रदेश में विकास की गति को और तेज करने, बुनियादी ढांचे को मजबूत करने तथा आम जनता तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि सरकार का स्पष्ट उद्देश्य है कि नीतीश कुमार के सपनों का बिहार साकार हो और राज्य विकास के नए आयाम स्थापित करे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वर्तमान नेतृत्व के मार्गदर्शन में बिहार विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएगा तथा राज्य की जनता की अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरा उतरेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित