पटना , मई 27 -- जनता दल यूनाईटेड (जदयू) की प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती अंजुम आरा ने आज कहा कि नीतीश कुमार के दूरदर्शी नेतृत्व, सुशासन और प्रशासनिक सुधारों के वर्षों के प्रयासों ने बिहार में डिजिटल मॉनिटरिंग, प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही की जो मजबूत आधारशिला रखी, उसी का परिणाम है कि आज बिहार नई तकनीकों और आधुनिक प्रशासनिक व्यवस्थाओं को तेजी से अपनाने में सक्षम हुआ है।
श्रीमती अंजुम आरा ने आज बयान जारी कर कहा कि बिहार के विकास, सुशासन और युवा शक्ति को नई ऊंचाइयों तक पहुँचाने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का यह संकल्प अत्यंत सराहनीय और दूरदर्शी है कि बिहार को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि यह केवल एक तकनीकी पहल नहीं, बल्कि बिहार के सामाजिक, आर्थिक और प्रशासनिक ढाँचे में व्यापक परिवर्तन लाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। एआई आधारित तकनीकों के माध्यम से कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिसिंग, प्रशासन और उद्योग जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में क्रांतिकारी बदलाव देखने को मिलेंगे, जिससे आम जनता के जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार आएगा।
जदयू प्रवक्ता ने कहा कि पुलिसिंग और प्रशासनिक व्यवस्था में एआई आधारित मॉनिटरिंग एवं डेटा विश्लेषण से पारदर्शिता, जवाबदेही और कार्यकुशलता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि इससे अपराध नियंत्रण, जन शिकायत निवारण तथा सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में तेजी आएगी। उद्योग और स्टार्टअप के क्षेत्र में यह पहल बिहार के युवाओं को नए अवसर प्रदान करेगी तथा राज्य को नवाचार और निवेश का प्रमुख केंद्र बनाने में सहायक सिद्ध होगी।
श्रीमती अंजुम आरा ने कहा कि एआई समिट जैसी पहलें इस बात का स्पष्ट प्रमाण हैं कि एनडीए सरकार बिहार को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने जिस सक्रियता, गंभीरता और दूरदृष्टि के साथ इस पहल को आगे बढ़ाया है, वह निश्चित रूप से बिहार के प्रशासनिक ढाँचे को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी, आधुनिक तथा जनोन्मुख बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
जदयू प्रवक्ता ने कहा कि आज बिहार परिवर्तन के एक नए दौर में प्रवेश कर रहा है, जहाँ युवा शक्ति, तकनीक, नवाचार और सुशासन मिलकर राज्य को विकास के नए शिखर तक पहुँचाने का कार्य करेंगे। यह पहल केवल वर्तमान को सशक्त नहीं करेगी, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी एक समृद्ध, आत्मनिर्भर और तकनीकी रूप से सक्षम बिहार का निर्माण करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित