पटना , जून 24 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने बुधवार को कहा कि नीतीश कुमार के विजन से बिहार विकास और गरीबी उन्मूलन का राष्ट्रीय माॅडल बना गया है। श्री प्रसाद ने आज बयान जारी कर कहा कि नीतीश कुमार की दूरदर्शी नीतियों की बदौलत बिहार ने पिछले दो दशकों में विकास, सुशासन और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि कभी पिछड़ेपन की पहचान वाला बिहार आज देश के सामने तेज आर्थिक प्रगति, गरीबी उन्मूलन और मानव विकास का सफल माॅडल बनकर उभरा है।

श्री प्रसाद ने कहा कि राज्य ने विकास के लगभग सभी प्रमुख मानकों पर ऐतिहासिक सुधार दर्ज किया है। उन्होंने कहा कि आज बिहार की बेरोजगारी दर मात्र तीन प्रतिशत है, जो राष्ट्रीय औसत 3.2 प्रतिशत से भी कम है। यह दर्शाता है कि राज्य में रोजगार के अवसरों का विस्तार हुआ है और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिली है।

जदयू प्रवक्ता ने कहा कि मानव विकास के क्षेत्र में भी बिहार ने अभूतपूर्व प्रगति की है। पिछले दो दशकों में राज्य का मानव विकास सूचकांक 0.485 से बढ़कर 0.614 हो गया है, जो लगभग 27 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह सुधार राष्ट्रीय औसत वृद्धि से भी अधिक है। नीति आयोग तथा अन्य प्रमुख संस्थाओं की रिपोर्टों ने स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, बुनियादी सेवाओं और मानव विकास के क्षेत्र में बिहार की निरंतर प्रगति की पुष्टि की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित