पटना, अप्रैल 11 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने शनिवार को कहा कि मुख़्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने विकास, सुशासन और सामाजिक न्याय के क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है, जिसने लंबे समय तक पिछड़ेपन और चुनौतियों से जूझते राज्य को एक नई दिशा प्रदान की।

श्री प्रसाद ने आज बयान जारी कर कहा कि श्री कुमार का बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में लगभग दो दशकों का कार्यकाल राज्य के इतिहास में एक परिवर्तनकारी युग के रूप में याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि श्री कुमार के नेतृत्व में बिहार ने विकास, सुशासन और सामाजिक न्याय के क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है, जिसने लंबे समय तक पिछड़ेपन और चुनौतियों से जूझते राज्य को एक नई दिशा प्रदान की।

श्री प्रसाद ने कहा कि सीमित संसाधनों, क्षेत्रीय असमानताओं और आधारभूत संरचना की कमी जैसी गंभीर चुनौतियों के बावजूद, श्री कुमार ने सुशासन का एक प्रभावी माॅडल स्थापित किया। उन्होंने कहा कि श्री कुमार के कार्यकाल में कानून- व्यवस्था में सुधार, सड़कों एवं पुलों का व्यापक निर्माण, शिक्षा का विस्तार और स्वास्थ्य सेवाओं का सुदृढ़ीकरण प्राथमिकता के साथ किया गया। प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही को संस्थागत रूप देकर उन्होंने शासन के प्रति आम जनता के विश्वास को मजबूत किया।

जदयू प्रवक्ता ने कहा कि सामाजिक न्याय के क्षेत्र में श्री कुमार के प्रयास विशेष रूप से उल्लेखनीय रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए पंचायतों एवं नगर निकायों में 50 प्रतिशत आरक्षण, साइकिल एवं पोशाक योजना के माध्यम से बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा, तथा स्वयं सहायता समूहों के विस्तार ने व्यापक सामाजिक परिवर्तन को गति दी गयी । अत्यंत पिछड़ा वर्ग और महादलित समुदायों के लिए लक्षित योजनाओं के माध्यम से उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास किए गए। साथ ही, अनुसूचित जाति एवं जनजाति के कल्याण और अल्पसंख्यक समुदाय के शैक्षिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए भी कई प्रभावी पहलें की गईं, जिससे समावेशी विकास को मजबूती मिली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित