पटना , जनवरी 20 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने मंगलवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार मांग के आधार पर समयबद्ध नागरिक सेवाओं को राज्य के हर नागरिक तक पहुंचाने में जुटी हुई है, जिससे राज्य के नागरिकों का जीवन आसान बने और वे विकास से जुड़ी गतिविधियों में जुटकर समृद्ध और सशक्त बिहार के वाहक बन सकें। श्री सिन्हा ने आज बयान जारी कर कहा कि राज्य के सभी नागरिकों को सम्मानपूर्ण आसान जीवन उपलब्ध कराने की डबल इंजन की प्रतिबद्धता को पारदर्शी राजस्व प्रशासन से जोड़ते हुए मुख्यमंत्री श्री कुमार के नेतृत्व में आज एक सराहनीय प्रयास हुआ है। उन्होंने बताया कि कहा कि अब राज्य सरकार प्रदेश में जमीन मापी के इच्छुक लोगों को मांग के आधार पर सटीक, समयबद्ध और पारदर्शी भूमापी सेवा सरकार उपलब्ध कराने जा रही है। उन्होंने बताया कि आगामी 31 जनवरी तक विशेष भूमि मापी अभियान चलाकर पूर्व के लंबित आवेदनों का निपटारा किया जाएगा।

श्री सिन्हा ने बताया कि आगामी एक अप्रैल तक विवाद रहित सभी जमीनों की मापी आवेदन के सात वर्किंग डे (कार्यदिवस) के अंदर सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया है और विवादित जमीन की मापी प्रकिया को भी 11 वर्किंग डे के भीतर करने का निदेश है।

उपमुख्यमंत्री श्री सिन्हा ने कहा कि मापी की रिपोर्ट आवेदन की तिथि के 14 वें दिन तक निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य कर दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार मांग के आधार पर समयबद्ध नागरिक सेवाओं को राज्य के हर नागरिक तक पहुंचाने में जुटी हुई है, जिससे राज्य के नागरिकों का जीवन आसान बने और वे विकास से जुड़ी गतिविधियों में जुटकर समृद्ध और सशक्त बिहार के वाहक बन सकें। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग भी स्वच्छ, सरल, समयबद्ध राजस्व प्रशासन उपलब्ध कराकर इस संकल्प में राज्य के नागरिकों के साथ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित