पटना , जुलाई 11 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की प्रदेश प्रवक्ता पूजा पैट्रिक ने शनिवार को कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दूरदर्शी निर्णयों से प्रदेश में लाखों लोगों को सहारा मिला है।

श्रीमती पैट्रिक ने बयान जारी कर कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री श्री कुमार के नेतृत्व वाली प्रदेश की पूर्व सरकार का सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि को 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये प्रतिमाह करने का महत्वपूर्ण निर्णय आज लाखों गरीब, बुजुर्ग, दिव्यांग और विधवा लाभुकों के जीवन में आर्थिक सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और सम्मान का मजबूत आधार बन चुका है।

जदयू प्रवक्ता ने कहा कि नीतीश कुमार ने केवल पेंशन राशि में वृद्धि ही नहीं की, बल्कि यह भी सुनिश्चित किया कि प्रत्येक माह की तय तारीख को सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि सीधे लाभुकों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से पहुंचे। यह निर्णय सरकार की जवाबदेही, पारदर्शिता और संवेदनशील प्रशासन का सशक्त उदाहरण है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित