पटना , दिसंबर 05 -- जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने शुक्रवार को कहा कि वर्ल्ड बुक आफ रिकॉर्ड्स की ओर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को दसवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने और उनके नाम को वैश्विक सूची में शामिल करने की घोषणा पूरे बिहार और देश के लिए गर्व का विषय है।

श्री प्रसाद ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर मुख्यमंत्री श्री कुमार को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने बयान जारी कर कहा कि यह उपलब्धि न केवल राज्य और राष्ट्र के लोकतांत्रिक इतिहास में एक अद्वितीय क्षण है, बल्कि यह उस जन-विश्वास का प्रतीक भी है जो बिहार की जनता लगातार उनके सुशासन, पारदर्शिता, विकासोन्मुख नीतियों और प्रशासनिक प्रतिबद्धता पर जताती रही है। वर्ष 1947 से लेकर 2025 तक किसी भी व्यक्ति द्वारा दस बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेना अपने आप में एक रिकार्ड है, और वर्ल्ड बुक आफ रिकॉर्ड्स द्वारा इसे औपचारिक रूप से मान्यता दिया जाना बिहार के सम्मान और पहचान को नई ऊँचाइयों पर स्थापित करता है।

श्री प्रसाद ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार का नेतृत्व बिहार को सामाजिक सद्भाव, विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना और सुशासन के नए मॉडल की दिशा में निरंतर आगे बढ़ाता रहा है। उनके कार्यकाल की निरंतरता ने बिहार को स्थिरता, भरोसा और नई ऊर्जा प्रदान की है, जिसकी मिसाल देश के किसी अन्य राज्य में देखने को नहीं मिलती। वर्ल्ड बुक आफ रिकॉर्ड्स द्वारा भेजा गया पत्र इस बात की पुष्टि करता है कि मुख्यमंत्री श्री कुमार की कार्यशैली, दूरदर्शिता और जनता के प्रति समर्पण ने उन्हें वैश्विक स्तर पर भी सम्मानित नेतृत्वकर्ताओं की श्रेणी में स्थापित किया है।उन्होंने कहा कि यह सम्मान बिहार के हर नागरिक का सम्मान है। मुख्यमंत्री श्री कुमार के नेतृत्व में बिहार निरंतर प्रगति, शांति और समृद्धि के पथ पर आगे बढ़ता रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित