पटना , अप्रैल 10 -- हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लघु जल संसाधन मंत्री, डॉ. संतोष कुमार सुमन ने शुक्रवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पूरा सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण और सुशासन की मिसाल रहा है।

डॉ. सुमन ने नीतीश कुमार को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण करने पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि श्री कुमार का पूरा सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण और सुशासन की मिसाल रहा है। उनके नेतृत्व में बिहार ने विकास, सामाजिक न्याय, सुशासन के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में भी ऐतिहासिक कार्य किए हैं। पंचायती राज में महिलाओं को व्यापक भागीदारी, शिक्षा और रोजगार के अवसरों का विस्तार तथा समाज में उनकी भूमिका को सशक्त बनाने की दिशा में उनके प्रयास उल्लेखनीय रहे हैं।

मंत्री श्री सुमन ने कहा कि श्री कुमार के मार्गदर्शन और निर्देशन में ही बिहार आगे बढ़ता रहेगा। उनके द्वारा शुरू किए गए विकास कार्यों को और गति दी जाएगी तथा उनके विजन और मिशन को किसी भी स्थिति में रुकने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ श्री कुमार के संकल्पों को जमीन पर उतारने का कार्य जारी रखेगी।

डॉ. सुमन ने कहा कि आने वाले समय में बिहार का नेतृत्व करने वाला कोई भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आदर्शों पर ही चलेगा तथा उनके द्वारा किए गए कार्यों, विशेषकर महिला सशक्तिकरण और समावेशी विकास के विजन को आगे बढ़ाएगा।

डॉ. सुमन ने विश्वास व्यक्त किया कि श्री कुमार अपनी नई भूमिका में भी राष्ट्रहित, विकास, सामाजिक समरसता और महिलाओं की भागीदारी को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए देश को नई दिशा देने का काम करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित