पटना , अप्रैल 10 -- बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष संजय सरावगी ने शुक्रवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का दीर्घ राजनीतिक अनुभव, दूरदर्शी नेतृत्व एवं सुशासन की प्रतिबद्धता निश्चित ही संसद में बिहार की आवाज को और सशक्त बनाएगी।

श्री सरावगी ने आज बिहार से राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ ग्रहण करने पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार के मार्गदर्शन में प्रदेश एवं देश के समग्र विकास को नई दिशा और गति मिलेगी।

श्री सरावगी ने कहा कि पिछले 20 वर्षों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार के विकास को नया आयाम दिया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 से पहले के जंगलराज वाले बिहार को अपने दूरदर्शी नेतृत्व से उन्होंने तेजी से विकास करने वाली राज्यों की श्रेणी में खड़ा कर दिया है। उन्होंने बिहार को विकसित बिहार बनाने की राह को प्रशस्त किया।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि बिहार, नीतीश कुमार के योगदान को कभी नहीं भूल सकता है। उन्होंने कहा कि श्री कुमार के मार्गदर्शन में बिहार विकास के पथ पर आगे बढ़ता रहेगा। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार को न्याय के साथ विकास के पथ पर आगे ले जाने की दिशा प्रदान की और सुशासन की नींव को मजबूत किया।

श्री सरावगी ने कहा कि नीतीश कुमार का लंबे संसदीय अनुभव अब देश के उच्च सदन राज्यसभा को भी मिलेगा। उन्होंने नीतीश कुमार के सफल, प्रभावशाली एवं जनहितकारी कार्यकाल के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित