पटना , मार्च 13 -- बिहार जनता दल यूनाइटेड(जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने शुक्रवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की 'समृद्धि यात्रा' विकास के साथ स्वर्णिम बिहार के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करेगी।
श्री कुशवाहा ने कहा आज बयान जारी कर कहा कि मुख्यमंत्री का हर जिले में जा कर जनता की आवश्यकताओं से अवगत होना तथा उनकी समस्याओं को समझना जनसेवा आधारित संवेदनशील राजनीति का सशक्त एवं उत्कृष्ट उदाहरण है।
जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री प्रत्येक जिले में जाकर विकास योजनाओं का निरीक्षण कर रहे हैं तथा उनकी अद्यतन स्थिति का जायजा ले रहे हैं। साथ ही वह सभी जिलों को विकास की सौगातें भी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य बिहार को देश के शीर्ष -10 विकसित राज्यों में शामिल करने की दिशा में समर्पण, निष्ठा और तत्परता के साथ काम करना है।
श्री कुशवाहा ने कहा कि वर्ष 2005 में नीतीश कुमार ने पहली बार 'न्याय यात्रा' के माध्यम से जनता के बीच पहुँचकर उनकी समस्याओं को नजदीक से समझने की कोशिश की थी। वर्ष 2005 से 2026 के बीच वह अब तक 15 राज्यव्यापी यात्राएँ कर चुके हैं और 'समृद्धि यात्रा' के रूप में उनकी 16वीं यात्रा जारी है। यात्राओं की यह लंबी फेहरिस्त उनके जनकेंद्रित राजनीतिक दृष्टिकोण की स्पष्ट गवाही देती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार की प्राथमिकताओं में बिहार का हित हमेशा सर्वोपरि रहा है। यही कारण है कि देश-दुनिया उन्हें 'विकास पुरुष', 'सुशासन बाबू' और 'नव बिहार के शिल्पकार' जैसे विशेषणों से संबोधित करती रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित