पटना , अक्टूबर 24 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नीतियों और सिद्धांतों को आगे बढ़ाते हुए पार्टी के भविष्य के रूप में अपनी पहचान बना रहे हैं।
श्री प्रसाद ने कहा कि निशांत कुमार में जनकल्याण की भावना कूट-कूटकर भरी है और वे बिहार के 13 करोड़ लोगों के कल्याण को लेकर हमेशा गंभीर रहते हैं।
जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता बयान जारी कर कहा कि निशांत कुमार की समाधान यात्रा के दौरान विभिन्न जिलों में उन्हें देखने और सुनने के लिए उमड़ी भीड़ जनता के बीच उनकी स्वीकार्यता को दर्शाती है। यात्रा के दौरान जगह-जगह हुई पुष्पवर्षा और लोगों के आत्मीय स्वागत से उनके प्रति जनता के विश्वास और जुड़ाव का पता चलता है। उन्होंने दावा किया कि श्री निशांत को जनता का समर्थन मिल रहा है और वे पूर्व मुख्यमंत्री श्री कुमार की नीतियों एवं सिद्धांतों को आगे बढ़ाने की दिशा में काम कर रहे हैं।
श्री प्रसाद ने स्वास्थ्य मंत्री के रूप में निशांत कुमार की पहल का उल्लेख करते हुए कहा कि सात मई 2026 को पदभार संभालने के बाद से उन्होंने राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था में बदलाव लाने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। गरीब मरीजों के हितों को प्राथमिकता देते हुए जिला और प्रखंड अस्पतालों से मरीजों को अनावश्यक रूप से बड़े शहरों में रेफर करने की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने की पहल की गई है। इससे मरीजों को जिला अस्पतालों में ही कम खर्च पर सर्जरी और बेहतर इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित