पटना , अप्रैल 23 -- बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के वरिष्ठ नेता विजय चौधरी ने गुरुवार को कहा कि सम्राट चौधरी को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का प्रस्ताव पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रखा था और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेतृत्व ने उसे स्वीकार किया।

श्री चौधरी ने आज जदयू प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में यूनीवार्ता के सवाल कि केंद्र और राज्य दोनो जगहों पर शीर्ष पद भाजपा के पास चला गया है, के जवाब में कहा कि पिछले 20 बर्षों से यह पद जदयू के पास था और भाजपा उसे समर्थन दे रही थी। उन्होंने कहा कि 2020 में भाजपा को 74 सीटें और जदयू को 43 सीटें मिली थी, बावजूद इसके गठबंधन के निर्णय के अनुसार मुख्यमंत्री का पद नीतीश कुमार को ही मिला था। उन्होंने कहा कि इस बार स्वयं नीतीश कुमार ने निर्णय लिया कि वह राज्यसभा जाएंगे और मुख्यमंत्री का पद सम्राट चौधरी को दिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित