पटना , अप्रैल 2 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने गुरुवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आधुनिक बिहार के विश्वकर्मा हैं और उन्होंने चरणबद्ध तरीके से प्रदेश में आधारभूत संरचनाओं का निर्माण किया है।

श्री प्रसाद ने आज मुख्यमंत्री श्री कुमार से शिष्टाचार मुलाकात की और कहा कि आधुनिक बिहार के निर्माण में उनकी भूमिका विश्वकर्मा के जैसी रही हैं। उन्होंने कहा कि कभी बिहार को एक विफल और बीमारू राज्य की संज्ञा दी गई थी, लेकिन श्री कुमार के दृढ़ संकल्प, कालजयी एवं युगांतकारी निर्णयों के बलबूते प्रदेश में गुणात्मक बदलाव आया।

जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि आज नीतीश कुमार का बिहार एक सशक्त प्रदेश बन कर उभरा है, जो समृधि के पथ पर बढ़ते हुए आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि एक ऐसे समय जब बिहार विकसित राज्य बनने की राह पर अग्रसर है, श्री कुमार के राज्य सभा जाने के फैसले से बिहारवासी भावुक हो गये हैं। उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों को श्री कुमार की कमी लम्बे समय तक खलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित