कौशांबी , जुलाई 24 -- विकास भवन परिषद स्थित सरस हाल में शुक्रवार को नीति आयोग द्वारा विकसित 'नीति तारा' टूलकिट के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को बताया गया कि 'नीति तारा' एक एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसके माध्यम से संबंधित विभाग अपनी-अपनी विकास योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट ऑनलाइन अपलोड कर सकेंगे। विभागों को उपलब्ध कराए गए आईडी एवं पासवर्ड के माध्यम से वे अन्य विभागों की प्रगति रिपोर्ट का भी अवलोकन कर सकेंगे, जिससे विभागीय समन्वय और अधिक सुदृढ़ होगा।

मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी ने कहा कि नीति तारा टूलकिट के उपयोग से विकास योजनाओं की रियल टाइम मॉनिटरिंग, डेटा आधारित समीक्षा तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित होगा। इससे कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में तेजी आएगी तथा समयबद्ध एवं सटीक निर्णय लेने में सहायता मिलेगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नीति तारा टूलकिट का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करते हुए अपनी विभागीय प्रगति रिपोर्ट निर्धारित समय पर पोर्टल पर अपलोड करें, ताकि आकांक्षी ब्लॉक कौशांबी एवं मंझनपुर में संचालित विकास कार्यों की नियमित निगरानी एवं योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।

प्रशिक्षण के दौरान प्रेजेंटेशन के माध्यम से नीति तारा के विभिन्न टूलकिट, प्रमुख फीचर्स, उपयोगिता एवं संचालन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई तथा अधिकारियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।

कार्यक्रम में जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी रमाशंकर, परियोजना निदेशक, उपायुक्त मनरेगा सहित अन्य संबंधित अधिकारी तथा आकांक्षी ब्लॉक कौशांबी एवं मंझनपुर के विभिन्न विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं सी.एम. फेलो उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित