दिल्ली/ भोपाल , जुलाई 22 -- मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन को नीति आयोग का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया गया है। नियुक्ति संबंधी आदेश बुधवार को मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने जारी किया।

आधिकारिक आदेश के अनुसार, वर्ष 1989 बैच के मध्यप्रदेश कैडर के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी श्री जैन पदभार ग्रहण करने की तिथि से दो वर्ष की अवधि के लिए नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रहेंगे।

श्री जैन को तीन अक्टूबर 2024 को मध्यप्रदेश का मुख्य सचिव नियुक्त किया गया था। वर्ष 2025 में सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें एक वर्ष का सेवा विस्तार दिया गया था। उनका वर्तमान कार्यकाल 31 अगस्त 2026 को समाप्त होना है।

उनकी नई नियुक्ति के साथ ही मध्यप्रदेश में नए मुख्य सचिव की नियुक्ति की प्रक्रिया तेज होने की संभावना है। वरिष्ठता के आधार पर 1988 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. राजेश कुमार राजौरा प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं। इसके अलावा केंद्र में पदस्थ आईएएस अधिकारी मनोज गोविल और पंकज अग्रवाल के नाम भी चर्चा में हैं।

अपर मुख्य सचिव स्तर के अधिकारियों मनु श्रीवास्तव और नीरज मंडलोई के नाम भी संभावित दावेदारों में शामिल बताए जा रहे हैं। हालांकि, मुख्य सचिव की नियुक्ति का अंतिम निर्णय केंद्र सरकार द्वारा किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित