बीजापुर , मई 21 -- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के आकांक्षी ब्लॉक उसूर ने नीति आयोग द्वारा अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही के लिए जारी "चैम्पियन ऑफ था क्वार्टर" रिपोर्ट में सेंट्रल जोन में देशभर में दूसरा स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि को जिले के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है।

कलेक्टर विश्वदीप ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि कुछ समय पहले तक उसूर ब्लॉक अत्यधिक प्रभावित और दुर्गम क्षेत्र था, जहां पहुंचना भी चुनौतीपूर्ण था। जिला प्रशासन के लगातार प्रयासों से अब क्षेत्र में मलेरिया एवं अन्य संचारी रोगों पर नियंत्रण हुआ है, स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बेहतर हुई है और आवागमन सुविधाओं में भी उल्लेखनीय सुधार आया है।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के कारण टीकाकरण कवरेज बढ़ा है, घर पर प्रसव की संख्या में कमी आई है तथा संस्थागत प्रसव में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। साथ ही नॉन-कम्युनिकेबल डिजीज (एनसीडी) की स्क्रीनिंग और प्रबंधन में भी बेहतर परिणाम प्राप्त हुए हैं।

कलेक्टर ने इस उपलब्धि का श्रेय स्वास्थ्य विभाग की टीम, मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, एएनएम, चिकित्सा अधिकारियों एवं फील्ड कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों को दिया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बीआर पुजारी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कठिन परिस्थितियों में निरंतर कार्य कर यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा कि एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम सहित सभी स्वास्थ्य योजनाओं को और अधिक प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित