भिवानी , जून 20 -- हरियाणा के भिवानी जिले में 21 जून को आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-2026) को लेकर सुरक्षा और यातायात के विशेष इंतजाम किये गये है।

परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी। परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुचारू संचालन के लिए भिवानी पुलिस ने व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंध किए हैं।

पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने बताया कि बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों और अभिभावकों के शहर पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस विशेष निगरानी रखेगी तथा आवश्यकता पड़ने पर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। भारी वाहनों को बाईपास मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर महिला पुलिसकर्मियों सहित पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात रहेगा। परीक्षा केंद्रों के आसपास गश्त, पार्किंग व्यवस्था और निगरानी के लिए विशेष ड्यूटियां लगाई गई हैं। परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, कैमरा और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित