हरिद्वार , जून 20 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा -स्नातक (नीट-यूजी) 2026 के शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष आयोजन को लेकर पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह के निर्देशन में रविवार को आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए तैनात पुलिस बल को शनिवार को पुलिस लाइन रोशनाबाद स्थित बहुद्देशीय हॉल में विशेष ब्रीफिंग दी गई।

एसपी अपराध एवं परीक्षा की नोडल अधिकारी निशा यादव की अध्यक्षता में आयोजित ब्रीफिंग में एसपी सिटी और एसपी देहात ने भी पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा अपने अनुभव साझा किए। अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात जवानों को जांच के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने, संदिग्ध व्यक्तियों पर पैनी नजर रखने तथा किसी भी अवांछित गतिविधि की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को देने के निर्देश दिए।

ब्रीफिंग में जवानों को बताया गया कि वे मेटल डिटेक्टर सहित सभी आवश्यक उपकरण समय पर प्राप्त कर लें और निर्धारित समय से पूर्व अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। अधिकारियों ने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने में प्रत्येक पुलिसकर्मी की भूमिका महत्वपूर्ण है।

हरिद्वार जिले में नीट (यूजी) 2026 के लिए कुल 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें आठ केंद्र देहात क्षेत्र तथा चार केंद्र नगर क्षेत्र में स्थित हैं। परीक्षा को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरे जिले को पांच जोन और 12 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर की निगरानी क्षेत्राधिकारियों को सौंपी गई है, जबकि जोनल प्रभारी लगातार पर्यवेक्षण करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित