चंडीगढ़ , अप्रैल 24 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री ने तीन मई, 2026 को होने वाली परीक्षा की तैयारियों की व्यापक समीक्षा करते हुए 'शून्य चूक' के साथ निष्पादन का आह्वान किया। वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक में उन्होंने निर्देश दिये कि परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से आयोजित हो।
राज्यभर में स्थापित 175 परीक्षा केंद्रों पर करीब 65,300 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। मुख्यमंत्री ने उम्मीदवारों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए केंद्रों पर पेयजल, बिजली, स्वच्छता, सीसीटीवी निगरानी और यातायात प्रबंधन की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। अभिभावकों के लिए पार्किंग और प्रतीक्षा स्थलों की भी सुव्यवस्थित व्यवस्था करने को कहा गया है।
उन्होंने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर कड़ी निगरानी रखने और गुमराह करने वाले तत्वों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिये। परीक्षा केंद्रों के पास एम्बुलेंस तैनाती, प्रश्न पत्रों की सुरक्षा और समय पर पहुंच सुनिश्चित करने के लिए डायल 112 सेवा के उपयोग पर भी जोर दिया गया। एनटीए के निदेशक अभिषेक सिंह ने बताया कि सभी केंद्रों पर बायोमेट्रिक सत्यापन, अलग तलाशी काउंटर, सीसीटीवी कैमरे और जैमर की व्यवस्था की जा रही है। प्रत्येक 100 उम्मीदवारों पर एक सुरक्षा जांच काउंटर और 48 उम्मीदवारों पर एक बायोमेट्रिक उपकरण तैनात रहेगा।
परीक्षा तीन मई को अपराह्न दो बजे से शाम पांच बजे तक होगी, जबकि प्रवेश पूर्वाह्न 11 बजे से 1:30 बजे तक दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने हालिया सीईटी परीक्षा के सफल संचालन का हवाला देते हुए उसी स्तर की दक्षता बनाये रखने के निर्देश दिये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित