मुंबई , जुलाई 22 -- प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्र के खिलाफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी के देशव्यापी आंदोलन का समर्थन करते हुए कांग्रेस और यूथ कांग्रेस ने बुधवार को पूरे महाराष्ट्र में समन्वित विरोध प्रदर्शन किया। मुंबई, पुणे, नागपुर और छत्रपति संभाजीनगर में हुए प्रदर्शनों के दौरान पार्टी के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया।

प्रदर्शनकारियों ने छात्रों के लिए न्याय, पेपर लीक के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। मुंबई में महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय वडेट्टीवार, पूर्व सांसद हुसैन दलवई और मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष भाई जगताप ने नरेन्द्र मोदी सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन का नेतृत्व किया।

केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मार्च निकालने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। प्रदर्शन स्थल पर सुरक्षा बढ़ाये जाने के बीच कई वरिष्ठ नेताओं और समर्थकों को हिरासत में ले लिया गया।

पुणे में भारी बारिश के बावजूद यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय राज्य मंत्री और स्थानीय सांसद मुरलीधर मोहोल के कार्यालय के बाहर धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार पर छात्रों के हितों की रक्षा करने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए कथित नीट पेपर लीक की व्यापक जांच और श्री प्रधान के इस्तीफे की मांग की। बाद में प्रदर्शनकारियों के हटने से इनकार करने पर पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

नागपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुलिस बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस मुद्दे पर अपना इस्तीफा नहीं दे देते, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर किया और कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर पुलिस वाहनों में ले गयी। छत्रपति संभाजीनगर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने 'रास्ता रोको' प्रदर्शन किया, जिससे एक व्यस्त सड़क पर यातायात कुछ समय के लिए बाधित हो गया। पुलिस ने हस्तक्षेप कर नाकेबंदी हटाई और मौके से करीब 15 से 16 पार्टी कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित