अलवर , जून 21 -- देश की सबसे महत्वपूर्ण मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी को लेकर राजस्थान के अलवर जिले में अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था की गयी।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि रविवार को पूर्वाह्न 11 बजे से परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों का प्रवेश शुरू हो गया। जिले के 27 परीक्षा केंद्रों पर करीब 9800 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए सभी केंद्रों पर जैमर लगायेगये हैं, जिससे आसपास के क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सेवाएं प्रभावित हो गयी हैं।
परीक्षा केंद्रों के बाहर सुबह से ही अभ्यर्थियों और अभिभावकों की भीड़ नजर आयी। केंद्रों पर केवल आवश्यक दस्तावेजों के साथ ही प्रवेश दिया जा रहा है, जबकि मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य सामान गेट पर ही रोक दिये गये। प्रत्येक परीक्षार्थी की सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। नीट परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। जिलेभर में 320 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गयी है, जिनमें आईटीबीपी के जवान भी शामिल हैं। सभी प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए खुफिया एजेंसियां भी सक्रिय हैं। कल रात पुलिस ने होटल धर्मशाला की जांच भी की।
गत वर्ष पेपर लीक और परीक्षा विवादों के बाद इस बार केंद्र और राज्य सरकार ने सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। परीक्षा प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किये गये हैं, तथा प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित