रायपुर , अगस्त 24 -- छत्तीसगढ़ में नीट यूजी काउंसलिंग-2026 के तहत मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश को लेकर डोमिसाइल और अन्य दस्तावेजों के सत्यापन का मुद्दा गरमा गया है। कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई ने प्रवेश प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर मंगलवार को राजधानी रायपुर में प्रदर्शन करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के सरकारी आवास का घेराव करने की घोषणा की है। वहीं स्वास्थ्य मंत्री ने कहा है कि मेडिकल प्रवेश प्रक्रिया में किसी भी तरह का लूपहोल नहीं छोड़ा जाएगा और प्रमाण-पत्रों की गहन जांच के लिए पहली बार राजस्व विभाग की टीम को भी प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।
एनएसयूआई के कार्यकर्ता नीट अभ्यर्थियों के साथ घड़ी चौक से स्वास्थ्य मंत्री के सरकारी आवास की ओर कूच करेंगे। संगठन मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के दौरान डोमिसाइल और अन्य दस्तावेजों के सत्यापन की पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग कर रहा है।
एनएसयूआई के प्रस्तावित प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने कहा कि "दिल्ली में बैठे कुछ आका साजिश कर जेन-जी युवाओं को भटकाने की कोशिश कर रहे हैं। उनके दिमाग में दिमागी नक्सलवाद भरा हुआ है।"उन्होंने कहा कि सरकार मेडिकल एडमिशन को लेकर पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। पहली बार राजस्व विभाग की टीम भी एडमिशन प्रक्रिया में शामिल रहेगी। इससे प्रमाण पत्रों का गहन सत्यापन किया जाएगा। जो भी गड़बड़ी करेगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। किसी भी तरह का लूपहोल नहीं छोड़ा जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित