चंडीगढ़ , जुलाई 23 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) पेपर लीक मामले के आरोपियों के खिलाफ फास्ट ट्रैक ट्रायल चलाने का केंद्र सरकार का निर्णय स्वागत योग्य और सराहनीय कदम है। उन्होंने कहा कि इससे दोषियों को शीघ्र और कड़ी सजा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
श्री ढिल्लों ने गुरुवार को यहां जारी बयान में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि देश के युवाओं और विद्यार्थियों का भविष्य उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के निर्देश इस बात का प्रमाण हैं कि छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार ने नीट मामले को पूरी गंभीरता से लिया है। प्रधानमंत्री के निर्देश पर इस मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपी गयी, जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए नीट परीक्षा दोबारा आयोजित की गयी और उसके परिणाम भी घोषित कर दिये गये, ताकि किसी भी छात्र का एक शैक्षणिक वर्ष खराब न हो।
श्री ढिल्लों ने कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और अन्य विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा पारदर्शी और सख्त कदम उठाये जाने के बावजूद विपक्ष अपने राजनीतिक हितों के लिए छात्रों के मुद्दे का इस्तेमाल कर रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल को देश के छात्रों और युवाओं के भविष्य पर राजनीति करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार प्रत्येक युवा की मेहनत, आकांक्षाओं और सपनों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित