नयी दिल्ली , मई 28 -- मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट ) पेपर लीक होने के मामले में देशभर में मचे हंगामे के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आवास पर गुरुवार को एक उच्च-स्तरीय बैठक हुई जिसमें परीक्षा कराने को लेकर व्यापक चर्चा की गयी।
सूत्रों के अनुसार बैठक में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, राष्ट्रीय परीक्षा एजेन्सी के महानिदेशक अभिषेक सिंह और प्रधानमंत्री कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बताया जा रहा है कि बैठक में करीब 40 मिनट तक आगामी नीट परीक्षा को लेकर गहन मंथन किया गया।
सूत्रों ने बताया कि बैठक का मुख्य मकसद नीट परीक्षा के अचानक रद्द होने के बाद छात्रों और अभिभावकों के बीच पैदा हुई चिंताओं को दूर करना और परीक्षा प्रक्रिया की विश्वसनीयता को फिर से बहाल करने की दिशा में काम करना था। माना जा रहा है कि अधिकारी इस कथित लीक के मामले में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने पर भी विचार कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित