वाराणसी , जून 17 -- वाराणसी में नीट पेपर लीक मामले को लेकर अपना दल (कमेरावादी) की नेता और सिराथू विधायक डॉ पल्लवी पटेल द्वारा बिना अनुमति के सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन करने के मामले में लंका थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। बीएचयू चौकी प्रभारी सौरभ तिवारी की तहरीर पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 189(3), 190, 285, 223(बी) और 125 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है।
आरोप लगाया गया है कि शहर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 163 लागू होने के बावजूद भी बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ विधायक डॉ पल्लवी पटेल बीएचयू के सिंहद्वार पहुंचीं। मना करने पर भी जबरदस्ती नारेबाजी और प्रदर्शन किया गया, जिसकी वजह से यातायात बाधित हो गया।
बीएचयू अस्पताल सहित आस-पास मौजूद अन्य चिकित्सालयों में आने-जाने वाले लोगों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। सड़क पर काफी देर तक जाम लगा रहा। बिना प्रशासनिक अनुमति के मार्च निकालने की कोशिश भी की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित